करनाल। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) ने डॉ. एनएच मोहन को करनाल स्थित राष्ट्रीय पशु आनुवंशिक संसाधन ब्यूरो (एनबीएजीआर) का नया निदेशक बनाया है।
उन्होंने अपना कार्यभार सोमवार को गृहण कर लिया है। उन्होंने कहा कि भारत में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए टिकाऊ उत्पादन के लिए स्वदेशी पशु नस्लों का संरक्षण उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। एनबीएडीआर के निदेशक डॉ. बीपी मिश्रा की सेवानिवृत्ति के बाद एनीमल जेनेटिक रिसोर्स डिवीजन के हेड ऑफ दि डिपार्टमेंट डॉ. राकेश पुंडीर को निदेशक का कार्य दिया गया था। अब डॉ. एनएच मोहन को एनबीएजीआर का निदेशक बनाया गया है। वे राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित वैज्ञानिक हैं और उन्होंने देश के पशुधन क्षेत्र में बहुत योगदान दिया है। वह मूलत: केरल के हैं। डॉ. मोहन पहले राष्ट्रीय सूअर अनुसंधान केंद्र, गुवाहाटी असम में प्रधान वैज्ञानिक के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने पशु विज्ञान में कई शोध पत्र प्रकाशित किए हैं, जिसके लिए उन्हें पुरस्कार मिले हैं।
कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा पशुधन से सीधे तौर पर जुड़ी हैं। इसलिए जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच स्वदेशी पशु नस्लों का संरक्षण बेहद आवश्यक है। अज्ञात पशुओं की आबादी कम करने के लिए नई नस्लों की पहचान करने पर उनका फोकस रहेगा।ा