नगर पालिका अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर पूरी तरह एक्शन के मूड में दिखाई दे रही है। नगर पालिका प्रशासन ने सरकारी अवकाश के दिन भी रेलवे रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया और दुकानों के बाहर रखा सामान ट्रैक्टर-ट्रालियों में लोड किया। किसी भी अप्रिय घटना से निपटनेे के लिए पुलिस बल तैनात रहा। नपा अधिकारियों ने चेताया कि यदि आगे से कोई दुकानदार अतिक्रमण को बढ़ावा देता है तो चालान काटकर न्यायालय में पेश किया जाएगा। शुक्रवार को नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के दूसरे चरण में रेलवे रोड पर अतिक्रमण को बढ़ावा देने वाले दुकानदारों पर शिकंजा कसा। नपा सचिव रविप्रकाश के निर्देश पर अभियंता मदन मोहन गर्ग के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए दुकानों के आगे रखा सामान ट्रैक्टर-ट्राली में लोड कर नगर पालिका में लाया गया। चार दिन बाद और सरकारी अवकाश वाले दिन अचानक नगर पालिका के अतिक्रमण हटाओ अभियान से दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई और दुकानदार आनन-फानन में अपनी दुकानों के बाहर रखे सामान को अंदर करते नजर आए। इसके साथ ही नपा अधिकारियों ने दुकानों के बाहर जमाए गए ठईयों और रेहडी संचालकों को भी सख्त निर्देश जारी किए और कहा कि यदि दोबारा सामान बाहर आया तो चालान काटा जाएगा। गौरतलब है कि नगर पालिका ने अपने पूर्वनियोजित कार्यक्रम के तहत सोमवार को रेलवे रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। इसमें सिर्फ दुकानदारों को केवल हिदायतें देकर उनके बाहर रखें सामान को दुकानों के अंदर लगवाया था, लेकिन उसके बाद दुकानों के बाहर सामान लगना शुरू हो गया था और दुकानदार अतिक्रमण को बढ़ावा दे रहे थे, लेकिन शुक्रवार को नगर पालिका ने न सिर्फ दुकानदारों को हिदायतें दी, बल्कि उनका सामान भी जब्त कर लिया।
पुलिस बल रहा तैनात
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना या विरोध न हो, इसके लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस बल की मौजूदगी में ही दुकानों के बाहर रखें सामान को उठाया जा रहा था।
आगे से नही देंगे हिदायत
नगर पालिका सचिव रविप्रकाश शर्मा का कहना है कि नपा ने दुकानदारों को पहले हिदायतें दी थी, लेकिन दुकानदार नही माने तो आज उनका सामान जब्त किया है, यदि आगे से कोई दुकानदार फिर अतिक्रमण को बढ़ावा देता है तो उनकी वीडियोग्राफी करवाई जाएगी और चालान काटकर माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण से मुक्ति दिलाने के लिए नगर पालिका किसी प्रकार की कोई ढिलाई नही बरतेगी।