करनाल। दिल्ली से श्रीनगर जा रही जम्मू-कश्मीर नंबर की टूरिस्ट बस पर शनिवार की रात को नीलोखेड़ी के डिवाइन स्टार ढाबे पर कुछ युवकों ने पथराव कर दिया। पार्किंग में बस के कार को छू जाने पर विवाद हुआ। युवकों की ओर से बरसाए गए ईंट और पत्थरों से बस के शीशे, बैक लाइट और नंबर प्लेट भी क्षतिग्रस्त हुए। एक यात्री भी घायल हो गया।
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रविवार को जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्लाह ने एक्स पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से कार्रवाई की मांग की। एक्स पर इस प्रतिक्रिया के बाद करनाल पुलिस हरकत में आई। रविवार की दोपहर को थाना बुटाना पुलिस ने दो आरोपी करनाल के मोहित और सावन को हिरासत में ले लिया। उनकी कार को भी कब्जे में लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई।
थाना प्रभारी बोले, दोनों पक्षों में रात को हुआ था समझौता
बुटाना थाना के प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। वहां सफेद मारुति बलेनो कार के चालक मोहित और साथी सावन मौजूद थे। उस समय दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। आपसी समझौता होने की बात सामने आई थी, जिसके बाद बस श्रीनगर के लिए रवाना हो गई। बाद में डिवाइन स्टार होटल/ढाबे के प्रबंधक की ओर से शिकायत दी गई। इस आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत और कार को कब्जे में लिया।
वीडियो वायरल, युवक बोला- टक्कर नहीं हुई
घटना के बाद सोशल मीडिया पर बस के टूटे शीशों का वीडियो प्रसारित हुआ। वीडियो में एक युवक ने दावा किया कि बस की किसी कार से टक्कर नहीं हुई थी, फिर भी उस पर पथराव किया गया। युवक ने बस के कई शीशे और पैनल टूटने, एक बुजुर्ग यात्री की नाक पर चोट लगने और बस की नंबर प्लेट तोड़े जाने का भी आरोप लगाया। उसने मौके पर सहयोग नहीं मिलने की बात भी कही। हालांकि, इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है।
सीएम उमर अब्दुल्ला ने लिखा- पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी कदम उठाए सरकार
बस पर पथराव की घटना सामने आने के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर रविवार सुबह प्रतिक्रिया दी। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा पुलिस से आरोपियों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी कदम उठाए जाएंगे।
पार्किंग विवाद में दो गिरफ्तार, उमर को सैनी का जवाब
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की सोशल मीडिया पोस्ट के जवाब में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में हर नागरिक और आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सैनी ने एक्स पर लिखा कि मामले में हरियाणा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद दो वाहन चालकों के बीच पार्किंग को लेकर हुआ था। मामले में एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
हेट क्राइम का पहलू नहीं : एसपी
शुरुआती जांच में यह घटना बस और कार चालकों के बीच पार्किंग को लेकर हुए विवाद का परिणाम थी। शनिवार की रात करीब 10 बजे ढाबे की पार्किंग में बस और कार चालकों के बीच विवाद हुआ था। दोनों आरोपी युवकों को हिरासत में लिया हुआ है। जांच में अभी तक किसी राज्य या क्षेत्र विशेष के लोगों के प्रति नफरत अथवा वैमनस्य से जुड़ा हेट क्राइम का पहलू सामने नहीं आया है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। - करन गोयल, एसपी, करनाल