संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। श्री खाटू श्याम मंदिर में देवशयनी एकादशी पर श्री खाटू श्याम बाबा के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। बाबा की एक झलक देखने के लिए श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। मंदिर के मुख्य पुजारी दीपक पांडे ने बताया कि देवशयनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा और व्रत करने से साधक को सभी दुखों से छुटकारा मिलता है।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में आषाढ़ के महीने को अधिक महत्वपूर्ण माना जाता है। वैदिक पंचांग के अनुसार इस माह की दूसरी एकादशी को देवशयनी एकादशी के नाम से जाना जाता है। इस तिथि पर भगवान विष्णु चार क्षीरसागर में योगनिद्रा के लिए चले जाते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार देवशयनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा और व्रत करने से साधक को सभी दुखों से छुटकारा मिलता है और साथ ही सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है। पंडित उमेश पांडे और अनुपम त्रिपाठी ने कोलकता से मगवाएं फूलों से बाबा के स्वरूप का शृंगार किया। इस अवसर पर मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने बताया कि श्री खाटू श्याम मंदिर में हर एकादशी पर भजन कीर्तन का आयोजन किया जाता है।
करनाल सहित दूर-दूर लोग दर्शन करने के लिए मंदिर पहुंचते है और सबकी मनोकामनाएं पूर्ण होती है। मंदिर कमेटी की तरफ से श्रद्धालुओं के लिए सभी प्रकार की व्यवस्थाएं की जाती है। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता, राजेश गर्ग, महेंद्र गुप्ता, अनिल गर्ग, राम करण, अशोक सिंघला, पवन गुप्ता, राजेश सिंघला और हरीश सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
25... श्री खाटू श्याम मंदिर में बाबा के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की लगी भारी भीड़। संवाद