करनाल। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर करनाल के लोगों को रोजाना होने वाली आवागमन की परेशानी दूर करने के लिए अटल पार्क के सामने बड़े व्हीकुलर अंडरपास और सेक्टर-12 के लिए स्लिप एग्जिट कट की मांग उठाई गई है।
विज्ञापन
विधायक जगमोहन आनंद ने एनएचएआई से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और करनाल के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखा है। इसमें मेरठ रोड के लिए भी अलग एग्जिट कट उपलब्ध करवाने की मांग शामिल है। नमस्ते चौक और मेरठ रोड के पास जलभराव की समस्या का समाधान करवाने की मांग भी की है। वहीं, हाईवे के सेंटर वर्ज पर खराब लाइटों को बदलवाकर नई लाइटें लगाने और व्यवस्था दुरुस्त करने का मुद्दा भी उठाया है।