करनाल। शहर के सेक्टर-4 और 5 के कुल आठ प्रमुख रास्तों पर जल्द ही डेकोरेटिव पोल और फैंसी लाइटें लगाई जाएंगी। ये कार्य नगर निगम डी-प्लान के तहत कराएगा जिस पर करीब 6.5 लाख रुपये की लागत आएगी।
योजना के अनुसार सेक्टरों के अंदरूनी मार्गों और फुटपाथों पर आधुनिक डिजाइन के डेकोरेटिव पोल लगाए जाएंगे, जिन पर ऊर्जा दक्ष फैंसी लाइटें लगेंगी। खास बात ये है कि लाइटें इस तरह से लगाई जाएंगी कि पैदल चलने वालों, बुजुर्गों और बच्चों को सुरक्षित और आरामदायक आवागमन मिल सके। सेक्टरवासियों की लंबे समय से मांग थी कि रात के समय कई रास्तों पर अंधेरा रहने से परेशानी होती है। रोशनी के अभाव में दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों का खतरा भी बना रहता था।
नगर निगम एक्सईएन ओपी करदम के अनुसार डी-प्लान के तहत परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू कराया जाएगा। काम पूरा होते ही सेक्टर-4 और 5 के ये आठों रास्ते रात में जगमगाते नजर आएंगे। ब्यूरो