संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कुंजपुरा में आठ दिन से लापता युवक का शव जोहड़ से मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। उसके करंट लगने से जोहड़ में गिरने की आशंका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।
मृतक के भाई नाथूराम ने कमल की गुमशुदगी की शिकायत कुंजपुरा थाने में 19 जनवरी को दी थी। शिकायत में नाथूराम ने गांव के ही चंद्रशेखर पर आरोप लगाए थे। कमल उसी के पास काम करता था। वह दोनों 14 जनवरी को घर से खेत की तरफ गए थे। इसके बाद कमल घर नहीं पहुंचा था।
इस शक में पुलिस ने चंद्रशेखर से भी पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई। इसके बाद 20 जनवरी को गांव के ही एक व्यक्ति ने कमल का शव जोहड़ में देखा था। शव पर करंट लगने के निशान थे। कुंजपुरा थाना प्रभारी महावीर कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।