दो दिन से लापता बिजली कर्मचारी का शव जुमला अनाज मंडी की दीवार के पास गड्ढे में मिला। हकलाना गांव का रहने वाला ताहिर बिजली निगम जुंडला में कॉन्ट्रेक्ट बेस पर लगा था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए दो घंटे तक करनाल असंध रोड पर जाम लगा दिया। मौके पर करनाल डीएसपी राजीव पहुंचे और परिजनों को आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया तभी वह शांत हुए। पिता रईश अहमद ने बताया था कि उसका 27 वर्षीय बेटा ताहिर अहमद 11 जुलाई को ड्यूटी पर गया था जो कि लौटकर नहीं आया। बिजली बोर्ड में अन्य कर्मचारियों से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि ताहिर सुबह साढ़े सात बजे तक बिजली निगम में ही था। उसकी बाइक भी कार्यालय में चाबी के साथ मिली। पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। आज वह जुंडला की अनाज मंडी के पीछे एक गड्ढे में मृत पाया गया। मौके पर पहुंचकर एफएसएल की टीम ने मुआयना किया। मृतक के पिता रईश अहमद ने बताया कि वह निसिंग बिजली निगम में कार्यरत था। उसके बेटे ताहिर की 1 साल पहले शादी हुई थी। ताहिर का एक लड़का है। परिजनों ने एसडीओ, जेई समेत छह कर्मचारियों पर हत्या का शक जताया है।
हथलाना निवासी एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना मिली थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी जिसका शव जुंडला अनाज मंडी ने एक दीवार के समीप मिला है। मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी है उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-राजीव कुमार, डीएसपी करनाल