केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) में रीजनिंग सेक्शन ने परीक्षार्थियों की कड़ी परीक्षा ली। रविवार को आयोजित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने बताया कि कुल मिलाकर प्रश्नपत्र संतुलित रहा, लेकिन रीजनिंग के प्रश्नों को हल करने में अपेक्षा से अधिक समय लगा। खासतौर पर स्टेटमेंट आधारित प्रश्नों ने उलझाया।
परीक्षा जिले के कुल 27 केंद्रों पर दो सत्रों में आयोजित की गई थी। 11,731 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। कुल 2,255 परीक्षार्थियों परीक्षा में अनुपस्थित रहे। पहले सत्र में 1,229 और दूसरे सत्र में 1,026 अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी।
प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में परीक्षार्थी करनाल परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही अभ्यर्थियों की आवाजाही शुरू हो गई थी। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
परीक्षार्थियों ने बताया कि बाल विकास, शिक्षाशास्त्र और गणित के प्रश्न अपेक्षाकृत सीधे और विषय पर आधारित थे, जिससे आत्मविश्वास बना रहा। रीजनिंग सेक्शन में पूछे गए लॉजिकल और एनालिटिकल प्रश्नों ने समय प्रबंधन को प्रभावित किया। कई अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्हें एक ही प्रश्न पर ज्यादा समय देना पड़ा, जिससे अंतिम हिस्से के प्रश्नों के लिए समय कम बचा। परीक्षार्थियों की राय में यह परीक्षा पिछले दिन की तुलना में आसान रही।
जिले में रविवार को दो सत्र में 27 सेंटरों पर परीक्षा आयोजित की गई। इसमें 2,255 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी है। - पूनम नवेत, नोडल अधिकारी, सीटीईटी