माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नवरात्र में माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए उत्तर भारत से श्रद्धालुओं का सैलाब कटरा की ओर उमड़ रहा है। करनाल रेलवे स्टेशन से केवल एक ट्रेन मालवा एक्सप्रेस चल रही है, जबकि अंबाला कैंट से सीधे कटरा तक जाने वाली तीन ट्रेनें श्री माता वैष्णो देवी एक्सप्रेस, हेमकुंड एक्सप्रेस, श्री शक्ति एक्सप्रेस और उत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का संचालन हो रहा है।
ऐसे में करनाल रेलवे स्टेशन से अंबाला कैंट के लिए जाने वाले यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई है। श्रद्धालु यहां से अंबाला कैंट पहुंचकर आगे की ट्रेनों से कटरा रवाना हो रहे हैं। इससे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। यात्री न तो सीटें कंफर्म करा पा रहे हैं और न ही तत्काल टिकट आसानी से मिल पा रही है। लोग वेटिंग में ही टिकट लेकर सफर कर रहे हैं।
करनाल से केवल मालवा एक्सप्रेस ही कटरा तक जाती है। एक ही ट्रेन के चलते करनाल से सीधे कटरा जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बड़ी संख्या में यात्री करनाल से अंबाला पहुंचकर वहां से आगे की ट्रेनों में सफर करना ज्यादा आसान समझ रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि नवरात्रों के दौरान हर साल माता वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। इस बार भी श्रद्धालुओं का वही उत्साह देखने को मिल रहा है। हालात यह हैं कि यात्री बिना सीट और कंफर्म टिकट के भी यात्रा करने को तैयार हैं।