कुरुक्षेत्र के चनालहेडी गांव में पति ने अपनी पत्नी की आग लगाकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस जांच अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मीना देवी (30) वासी गांव चनालहेडी, इस्माईलाबाद, कुरुक्षेत्र की जलने के कारण मौत हो गई है। महिला ने जलने के बाद गंभीर अवस्था में मजिस्ट्रेट को दिए ब्यान में बताया कि 14 अगस्त को उसके पति सुरेंद्र ने उसके गांव की एक महिला से अवैध संबंध के चलते उसके ऊपर तेल छिड़ककर आग लगा दी। इससे वह बुरी तरह झुलस गई। उसे इलाज के लिए करनाल के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां रविवार को इलाज के दौरान इसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी एएसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर उसके पति सुरेंद्र पर हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।