गांव अमृतपुर खुर्द में पंचायती जमीन को लेकर दो गुटों में गुरुवार को जमकर लाठी व गंडासी चली। हादसे में दो महिलाओं सहित लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक केंद्र में भर्ती कराया गया। इनमें से 8 की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें करनाल रेफर कर दिया गया। मधुबन पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह गांव अमृतपुर खुर्द के जोहड़ को लेकर दो गुटों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी, डंडे व गंडासियां चल गई। हादसे में एक पक्ष के विक्रम, नरेंद्र, अमर सिंह, जगदीश, लता, अनीता, प्रवीण व सोमपाल व दूसरे पक्ष के देसबीर, जनक, वीरेंद्र, शिव कुमार बुरी तरह से घायल हो गए।
इन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, लेकिन दोनों पक्षों के करीब आठ लोगों की हालत ज्यादा नाजुक होने से करनाल ट्रामा सेंटर में भेज दिया है। मामले की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों के ब्यान दर्ज कर लिए और मामले की जांच आरंभ कर दी है।