हरियाणा के करनाल में पुलिस ने मंगलवार को जीटी रोड से दो आरोपियों को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। आरोपी दिल्ली में रहने वाले नाइजीरियन से हेरोइन खरीदकर करनाल में बेचते थे। पुलिस नाइजीरियन और आरोपियों के बाकी साथियों को पकड़ने में जुटी है।
पुलिस ने बताया कि प्यौंत हाल जनैसरो निवासी जीवन जोत और रघुबीर को जीटी रोड स्थित निजी अस्पताल से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 27.30 ग्राम हेरोइन और बाइक को कब्जे में लिया गया है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि हेरोइन को वह दिल्ली में द्वारका में रहने वाले नाइजीरिया के नागरिक से 1500 रुपये प्रति ग्राम में खरीदकर लाए थे। करनाल में अधिक दाम पर हेरोइन बेचते थे। आरोपी जीवन जोत सिंह के खिलाफ इंद्री थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पहले भी तीन नाइजीरियन नशा तस्करी में जेल में है बंद
दो माह पहले एंटी नारकोटिक्स टीम ने दिल्ली से तीन नागरिकों को नशा तस्करी के मामले में जेल भेजा है। नाइजीरियन दिल्ली में बैठकर अलग-अलग राज्यों में हेरोइन की तस्करी करते थे। आरोपियों के पास से आइस ड्रग्स और हेरोइन भी बरामद की गई थी।