करनाल जिले के इंद्री कस्बे में बदमाशोें के हौसले बुलंद होते जा रहे है। उनको न तो पुलिस का खौफ है और न ही वे किसी भी तरह की वारदात को अंजाम देने में पीछे हटते हैं। सोमवार को दिनदहाड़े बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने बिजली निगम के कर्मचारियों पर गोली दाग दी और ढाई लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद बदमाश हवा में हथियार लहराते हुए फरार हो गए। वहीं, दोनों घायलों को इंद्री के अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर करनाल भेज दिया गया। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बिजली निगम से जुड़े रिटायर फौजी गांवों में बिजली बिल के पैसे जमा करने का काम करते हैं। सोमवार के दिन निरंजन व मोहनलाल बिजली के बिलों की पेमेंट एकत्रित करके बाइक पर इंद्री लौट रहे थे। दोनों कर्मी पॉवर हाउस इंद्री से कुछ दूरी पर ढुंगरा के नजदीक से गुजर रहे थे। अचानक तीन अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर आए और बाइक सवार कर्मियों से छीना झपटी करने लगे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने दोनों कर्मियों से कैश से भरा बैग छीनने की कोशिश की, लेकिन कर्मचारियों ने बैग नहीं छोड़ा।
जब कर्मियों ने बैग नहीं छोड़ा तो बदमाशों ने निरंजन व मोहनलाल पर गोलियां चला दी। इस वारदात में गोली मोहनलाल के पेट में लगी और निरंजन को भी छर्रे लगे हैं। घायलों से करीब ढाई लाख रुपये लूटकर बदमाश हवा में रिवाल्वर हिलाते हुए फरार हो गए। वहीं, वारदात की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया। दोनों कर्मचारियों को करनाल ट्रामा सेंटर में दाखिल कराया गया है। इंद्री पुलिस थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि कर्मियों के बयानों के आधार पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद चारों तरफ नाकेबंदी कर दी है।
चोचड़ा में 80 हजार लूटे
असंध। रविवार रात चोचड़ा गांव में एक व्यक्ति से हजारों रुपये की लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया। रत्तक निवासी अंग्रेज सिंह ने लूटपाट की शिकायत पुलिस को दे दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी को दी शिकायत में अंग्रेज सिंह ने कहा कि गत रात्रि वह अपने परिवार के साथ निसिंग से वाया चोचड़ा होते हुए गांव रत्तक जा रहा था। चोचड़ा गांव में दो लोगों ने उसे जबरन रोका व उससे 80,000 रुपये लूट लिए। कहा गया कि वह अपने घर रत्तक जाकर अपनी पत्नी व बच्चे को घर पर छोड़ कर वापस चोचड़ा में लूट करने वालों को खोजने आया। उसने ग्राम सरपंच चोचड़ा को घटना की सूचना दी। कहा गया कि उसने ग्रामवासियों की सहायता से लूट करने वालों को पहचान लिया व शिकायत पुलिस थाना असंध को कर दी है। थाना प्रभारी असंध ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।