Karnal: यौन शोषण मामला, प्राथमिक जांच के बाद चंडीगढ़ पहुंची टीम, दोनों पक्षों से साढ़े 11 घंटे हो चुकी पूछताछ
Thu, 26 Jan 2023 07:01 AM IST
भूपेंद्र सिंह
अनुज शर्मा, संवाद न्यूज एजेंसी, करनाल (हरियाणा)
सार
समिति ने तीसरे दिन पूछताछ नहीं की। छात्राओं ने कक्षाएं लगाई। पिछले दो दिनों में समिति दोनों पक्षों से साढ़े 11 घंटे तक पूछताछ कर चुकी है। सूत्रों की मानें तो पहले दिन छह घंटे और दूसरे दिन करीब साढ़े पांच से छह घंटे दोनों पक्षों से जांच समिति ने अलग-अलग बात की।
हरियाणा के करनाल में यौन शोषण मामले में प्राथमिक जांच करने के बाद यौन प्रताड़ना शिकायत निवारण समिति चंडीगढ़ गई है। जिसके चलते समिति ने तीसरे दिन आरोपी व शिकायतकर्ता छात्राओं से पूछताछ नहीं की। वहीं लगातार तीसरे दिन कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज की ओटी में ओटी स्टाफ प्रवेश द्वार पर ताला लटका मिला, बाकी अन्य ओटी कार्यशील रहे।
विज्ञापन
सूत्रों की मानें तो पहले दिन छह घंटे और दूसरे दिन करीब साढ़े पांच से छह घंटे दोनों पक्षों आरोपी और शिकायतकर्ता से जांच समिति ने अलग-अलग बात की। वहीं इस जांच में अधिकतर समय आरोपी ओटी मास्टर पवन कुमार को दिया जा रहा है।
क्योंकि छात्राओं ने जो बात कहनी थी वे लिखित में सभी आरोप विधानसभा कमेटी के सामने सात पेज की शिकायत में दे चुकी हैं। वहीं दूसरी ओर जांच के कारण छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो इसलिए ही उन्हें जांच में कम समय के लिए शामिल किया जा रहा है। तीसरे दिन कोई पूछताछ नहीं हुई तो छात्राओं ने यूनिवर्सिटी कैंपस में रहकर अपनी कक्षाएं लगाई। - संवाद
विज्ञापन
प्रबंधन का दावा, सीसीटीवी की पूरी फुटेज रिकॉर्ड
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने कैंपस में लगे प्रत्येक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज होने का दावा किया है। निदेशक डॉ. जेसी दुरेजा ने बताया कि उनके पास सभी सीसीटीवी फुटेज मौजूद हैं। समिति किसी भी दिन की सीसीटीवी फुटेज देख सकती है।
उन्होंने बताया कि 2022 में ही कैंपस में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर की रैम की क्षमता बढ़ाई गई थी। इससे अधिक दिन की फुटेज रिकॉर्ड में रहती है। किसी भी कैमरे की रिकार्डिंग गायब नहीं है। वहीं हर छह माह में सीसीटीवी कैमरों की चेकिंग व मरम्मत कराई जाती है।