सोमवार की रात अज्ञात लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर ड्राइवर को बंधक बनाकर उसकी कार छीन ली। लुटेरे कार को लेकर फरार हो गए जबकि ड्राइवर को असंध-पानीपत मार्ग पर आंटा गांव के पास हांसी बुटाना नहर पर फेंक दिया। ड्राइवर ने किसी तरह नहर से निकलकर घटना की सूचना गाड़ी के मालिक को दी। पुलिस ने गाड़ी के मालिक की शिकायत पर तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
रामचंद्र निवासी हवोली जिला सिरसा ने बताया कि वह सोमवार देर रात स्विफ्ट वीडीआई गाड़ी क्रमांक एचआर 44 एच 5421 में सवार होकर शहर के मन्नत पैलेस में अपनी मौसी के बेटे की शादी में शामिल होने आए थे। यहां से उनका ड्राइवर गंगाराम अनाज मंडी स्थित उसकी मौसी के घर कुछ सामान लेने गया था। जब वह वापस सामान लेकर पैलेस पहुंचा तो तीन बंदूकधारी बदमाशों ने उस पर बंदूक तान दी। दो लोगों ने उस पर बंदूक ताने रखी और कपड़े से उसका मुंह और हाथ पांव बांध दिए। आरोपी ड्राइवर व गाड़ी को लेकर फरार हो गए।
गाड़ी के मालिक ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने ड्राइवर के साथ मारपीट भी की और ड्राइवर को आंटा गांव के पास हांसी बुटाना नहर में फेंक दिया। आरोपी उसकी गाड़ी लेकर फरार हो गए। इस दौरान ड्राइवर गंगाराम ने किसी राहगीर से अपने हाथ पांव खुलवाये और मालिक को घटना की जानकारी दी। असंध डीएसपी बलजिंद्र सिंह ने कहा कि असंध में चोरी व लूट की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने स्पेशल टीम का गठन किया है। कार लूट के मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस गंभीरता से मामले की जांच कर रही है।