पिंगली रोड स्थित डेरा मदनपुर में तीन लोगों द्वारा एक व्यक्ति की जमीन पर नाजायज कब्जा करने के बाद उसे जातिसूचक शब्द कहने का मामला प्रकाश में आया है। तीनों आरोपी पीड़ित को पिछले चार-पांच सालों से परेशान कर रहे हैं। इसको लेकर पीड़ित ने चार दिन पूर्व राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य को शिकायत दी थी। इस पर सदस्य ने थाना प्रभारी को मामला दर्ज करने के आदेश दिए थे।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में किसान राम वासी डेरा मदनपुर ने बताया कि वह खेती बाड़ी का काम करता है। उसने बताया कि उनके पास में ही हरिचंद की जमीन लगती है। उसकी दो बीघा जमीन पर आरोपी हरचिंद, जगबीर सिंह और रामनिवास ने कब्जा किया है। आरोप लगाया कि तीनों उसकी जमीन में बनी खाल को उखाड़कर अपनी जमीन में उसकी जमीन मिलाते हैं और उसको पिछले चार सालों से परेशान करते हैं।
जब वह उनकों ऐसा करने से रोकता है तो आरोपी उसके साथ मारपीट करते हैं और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हैं। पीड़ित ने बताया कि 22 जून 2016 को जब वह अपने खेत में धान की फसल में पानी दे रहा था तो हरिचंद, जगबीर व रामनिवास ट्रैक्टर लेकर खेत में आए खेत की डोल को उखाड़ने लगे। जब उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। इसी प्रकार आरोपियों ने कई बार मारपीट की और जातिसूचक शब्द कहे।
बता दें कि पीड़ित मामले को लेकर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के मेंबर ईश्वर सिंह से मिले थे। इस पर ईश्वर सिंह ने सदर थाना प्रभारी को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दिए थे। सदर थाना पुलिस ने शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।