करनाल के सेक्टर-6 चौक के पास समालखा से घर लौट रहे व्यापारी से दो बदमाश दो लाख रुपए की नकदी लूटकर अटल पार्क की तरफ फरार हो गए। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट भी की। सूचना के बाद मौके पर पुलिस और सीआईए की टीम पहुंची और मामले की जानकार ली। हालांकि पुलिस को बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।
वारदात शनिवार रात करीब 6:30 बजे की है। बताते हैं कि सेक्टर-13 निवासी राकेश नागपाल घर से दो लाख रुपये की नकदी लेकर बस से पानीपत के समालखा में कार लेने के लिए गया था। वहां पर जिस व्यक्ति से उसका कार का सौदा हुआ था वह नहीं मिल सका। इसके बाद उसे बिना कार लिए नगदी लेकर घर लौटना पड़ा।
वह पानीपत के समालखा से बस में बैठा और सेक्टर-6 चौक पर उतरा था। जैसे ही यहां से वह अपने घर की ओर चला कुछ दूरी पर दो बदमाशों ने उसे घेर लिया और रुपये से भरा बैग छीनने लगे। विरोध करने पर उसे बुरी तरह पीट दिया और दो लाख रुपये की नगदी लेकर अंधेरे का फायदा उठाकर अटल पार्क की तरफ भाग निकले।
पीड़ित के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और सीआईए की टीम ने जानकारी जुटाई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुटी है।
बढ़ रही लूट की वारदात
शहर में लूटपाट की वारदात थम नहीं रही है। कुछ दिन पहले कार में सवार होकर दिल्ली जा रहे व्यापारी को गोली मारकर सवा लाख रुपए की नगदी लूट ली थी। इस मामले में पुलिस व्यापारी के नौकर को ही गिरफ्तार कर पाई है जबकि लूटपाट करने वाले बदमाश नहीं पकड़े गए।
लूटपाट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पार्क में सर्च अभियान चलाकर बदमाशों की तलाश की मगर उनका कोई सुराग नहीं लगा। मामले की जांच की जा रही है।
-अनिल, सीआईए-वन इंचार्ज