हरियाणा के करनाल शहर के कैथल रोड स्थित गुरुद्वारा के सामने संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान 19 वर्षीय निखिल निवासी यमुना विहार, करनाल के रूप में हुई है। उसके शरीर पर चोटों के निशान मिलने पर परिजनों ने अज्ञात पर हत्या के आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत सौंपी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक के पिता ईश्वर सिंह ने बताया कि उसका बेटा ढांड गांव में अपने मामा के सैलून पर काम करता था। वह 14 अप्रैल को ही दिल्ली से अपने घर करनाल आया था। वे यहां पर करीब आठ साल से रह रहे हैं।
इससे पहले वे कतलाहेड़ी गांव में रहते थे। पिता ने बताया कि निखिल चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। 14 अप्रैल को वह दिल्ली से आया तो उसके पास करीब 1200 अमेरिकी डॉलर व 15 हजार रुपये नकद थे।
खाना खाने के बाद वह नहर पर घूमने गया था, काफी देर बाद जब नहीं लौटा तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। तभी उन्हें पता चला कि एक युवक का शव कैथल रोड पर गुरुद्वारे के सामने पड़ा है। जब वे उसे देखने गए तो उन्हें निखिल की लाश मिली। जिसके शरीर पर चोटें के निशान थे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसकी जेब से नकदी व मोबाइल गायब था।
कुछ दिनों बाद जाना था अमेरिका
मृतक के पिता ने बताया कि उसका भाई अमेरिका में रहता है। उसने निखिल को अमेरिका बुलाया था और वह कुछ दिन बाद अमेरिका जाने वाले था लेकिन होनी को कुछ और मंजूर था।
पुलिस को देर रात कैथल रोड पर गुरुद्वारे के पास एक युवक का शव मिला था। जिसका आज पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की जाएगी।
-सुशील कुमार, थाना प्रभारी, रामनगर