करनाल जिले के घरौंडा में नशे में धुत एक व्यक्ति ने रविवार की रात करीब दस बजे थाने में हंगामा किया। इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वार्ड नंबर 14 निवासी वासु रात में नशे की हालत में थाने में पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा।
पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने किसी की नहीं मानी। उसका यह ड्रामा कई घंटों तक चलता रहा। आखिरकार पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हेड कांस्टेबल संजय कुमार के बयान पर वासु के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया। उल्लेखनीय है कि किसी व्यक्ति ने मंडी की एक दुकान से गेहूं की बोरी चोरी होने की शिकायत पुलिस में दी थी। इसकी जांच पड़ताल के दौरान वासु के भाई की बाइक का नंबर सामने आया था।
इसकी पूछताछ के लिए हेड कांस्टेबल जसबीर सिंह आरोपी वासु के घर पूछताछ के लिए गया था। इस दौरान घर पर वासु और उसके भाई के न मिलने पर हेड कांस्टेबल ने वासु को थाने में आने की सूचना देकर आ गया था। वासु को पुलिसकर्मी का अपने घर आना इतना नागवार गुजरा कि वह रविवार की रात को नशे की हालत में पुलिस थाने में पहुंच गया और उस पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की।