बाइक सवार तीन युवकों ने मेरठ रोड स्थित एक ढाबा संचालक को गोली मारी और
फरार हो गए। मंगलौरा वासी ढाबा संचालक दीपक उर्फ बिट्टू को गंभीर हालत में
कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां
बिट्टू का इलाज चल रहा है। सदर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न
धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। गोली चलाए जाने का कारण रंजिश बताई जा
रही है।
अस्पताल में दाखिल दीपक ने बताया कि रविवार सुबह करीब चार बजे
ढाबे के समीप तीन युवक बाइक पर आए और आपस में बहस करने लगे। उनकी आपसी बहस
को खत्म करने के लिए कारण पूछा और वह बिट्टू के साथ झगड़ने लगे। तीनों
युवकों ने बिट्टू से नाम पूछकर उसको गोली मारी।
बिट्टू की बाजू पर गोली लगी
और आरोपी तीनों बाइक पर फरार हो गए। गोली की आवाज से आसपास के लोग इकट्ठे
हुए और बिट्टू को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस को सूचित किया गया और
पुलिस ने सुबह नाकेबंदी की, लेकिन आरोपी नहीं पकड़े गए। घायल बिट्टू ने
पुलिस को दिए बयान में तीन में से दो युवकों की पहचान कर ली है और गोली
चलाने का कारण रंजिश बताई है। घायल बिट्टू का आरोप है कि उस पर नगला मेघा
वासी नाहर सिंह, लाली उर्फ लाल सिंह व एक अन्य ने हमला बोला है। थाना मधुबन
प्रभारी कमलदीप राणा का कहना है कि इस मामले में दोनों आरोपियों को हिरासत
में लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है।