चरखी पावर हाउस के समीप रहने वाले चाचा-भतीजा की रविवार शाम नहर डूबने से मौत हो गई। दोनों चरखी नहर के समीप से पानी लेने बाइक पर जा रहे थे। हादसे का कारण बाइक का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है।
पुलिस ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव नहर से बरामद कर लिए। शवों का पोस्टमार्टम सोमवार सुबह करवाया जाएगा। ग्रामीणों को घटना का पता नहर की पटरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ी बाइक और नहर में तैरते जरकन से चला।
चरखी पावर हाउस के समीप रहने वाले 40 वर्षीय सुनील अपने 16 वर्षीय भतीजे राहुल के साथ बाइक पर सवार होकर चरखी नहर पर पानी लेने गया था। पानी लेकर लौटते समय बाइक राहुल चला रहा था।
नहर की पटरी के समीप अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों नहर में जा गिरे। दोनों को तैरना नहीं आता था। घटना के कुछ समय बाद मौके से गुजर रहे ग्रामीणों को पटरी पर बाइक व नहर में जरकन तैरता दिखाई दिया। इससे उनके मन में अनहोनी की आशंका हुई।
बाइक की जांच करने पर दोनों की पृष्टि हुई। इधर नहर में डूबने का समाचार मिलते ही शाम करीब साढ़े सात बजे घटनास्थल पर ग्रामीणों का जमघट लग गया। इसी दौरान किसी ने मामले की सूचना फोन पर पुलिस व परिजनों को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से मामले की पूरी जानकारी ली।
इसके तुरंत बाद पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से नहर में सर्च अभियान शुरू कर दिया। घटनास्थल से करीब सौ मीटर की दूरी पर सुनील का शव पुलिस को बरामद हुआ। मृतक सुनील दूध बेचकर अपना गुजर-बसर करता था और उसका भतीजा राहुल दादरी के परस राम हेतराम स्कूल का 10वीं कक्षा का छात्र है।
मृतक सुनील के परिवार में पत्नी और एक बेटा है, जबकि राहुल अपने दो भाईयों में बड़ा था। पुलिस ने देर शाम करीब नौ बजे राहुल का शव भी बरामद कर लिया है। दोनों शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रखवा दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शव नहर से बरामद कर लिए हैं। घटना की जांच की जाएगी। परिजनों के बयान पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
जयसिंह, सदर थाना प्रभारी