शनिवार करनाल पर भारी रहा। जिले के अलग-अलग हिस्सों में एक नहीं चार-चार हादसे हुए, जिसमें कुल नौ लोगों की जान चली गई। अहम बात यह है कि चारों हादसे ट्रक के साथ हुए। चारों हादसे इस बात को पुख्ता करते हैं कि शहर में यातायात नियमों को ट्रक चालक ताक पर रख रहे हैं।
सड़क पर बेतरतीब और असंतुलित होकर तेज गति से दौड़ने वाले ट्रक अकाल लोगों को मौत का ग्रास बना रहे हैं। सुबह जहां इंद्री रोड पर ट्रक ने पांच जिंदगी छीन ली, वहीं देर शाम घरौंडा में ट्रक ने दो युवकों को कुचल लिया। इसके अलावा दो अलग अलग हादसों में भी दो युवकों को ट्रक ने रौंद डाला।
घरौंडा में सायं लगभग 6 बजे एक बजरी से भरे ट्रक ने बाइक पर सवार तीन युवकों को कुचल दिया। इसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बुरी तरह से घायल हो गया। लोगों ने घायल को उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ट्रामा सेंटर में भेज दिया है। पुलिस ने ट्रक अपने कब्जे में लेकर जांच आरंभ कर दिया है।
घरौंडा की राजीव कॉलोनी के रहने वाले पंकज (23 वर्ष), हरीश (22 वर्ष) व सतनाम (20 वर्ष) बाइक पर सवार होकर लिबर्टी से ड्यूटी करके अपने घर जा रहे थे। रेलवे रोड पर निजी अल्का अस्पताल वाली गली के सामने अचानक बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। जिससे पंकज व हरीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सतनाम घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया और लोगों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर, शहरवासियों का कहना है कि रेलवे रोड दिन-प्रतिदिन अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। जिससे रेलवे रोड सरिये ,रेत व बजरी से सिकुड़ता जा रहा है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि रेलवे रोड पर एक्सीडेंट होने की सूचना मिली थी। जिसमें बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई है तथा एक युवक घायल हो गया है। ट्रक को अपने कब्जें में लेकर जांच आरंभ कर दी है।
अलग अलग हादसों में दो की मौत
दोपहर को इंद्री रोड पर कार चालक वेदप्रकाश गुप्ता को सामने से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में वेदप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे ट्रामा सेंटर में दाखिल कराया गया, जहां से उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। चौथा हादसा शुगर मिल के पास हुआ। कटा बाग के सुरजनगर निवासी रिंकू बाइक पर सवार होकर जा रहा था। जब वह शुगर मिल के पास पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने उसको टक्कर मार दी, इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।