सोमवार की शाम वार्ड नं. 17 से पांच वर्षीय छात्र जतिन के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार छात्र ट्यूशन के बाद अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए गया था, लेकिन घर वापस नहीं लौटा। परिजन बच्चे की तलाश में जुटे रहे, लेकिन सुराग न मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
घरौंडा के वार्ड नं. 17 निवासी जसविंद्र पाल का पांच वर्षीय पुत्र जतिन एमएन पब्लिक स्कूल में यूकेजी कक्षा का छात्र है, जो ट्यूटशन से आने के बाद सोमवार की शाम पांच बजे घर से अपने दोस्तों के पास खेलने के लिए निकला था। जब देर रात तक जतिन घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने जतिन के दोस्तों से पूछताछ की तो दोस्तों ने बताया कि वह आज उनके पास आया ही नहीं, जिसके बाद परिजन परेशान हो गए और बच्चे के गुम होने की सूचना मिलते ही सगे-संबंधियों सहित आस-पड़ोस के लोगों का जतिन के घर पर तांता लगना शुरू हो गया। परिजनों ने आस-पड़ोस के युवकों के साथ शहर का चप्पा-चप्पा छान दिया और रात भर बच्चे की तलाश में जुटे रहे, जब मंगलवार की सुबह तक बच्चे का कोई पता नहीं चल पाया तो परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही घरौंडा थाना प्रभारी राजबीर मौके पर पहुंचें और परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
घर का इकलौता चिराग है जतिन
जतिन की मां सीमा देवी का कहना है कि जतिन उनका इकलौता लड़का है और एक साल से ही जतिन घर पर आया था, इससे पहले वह अपने नाना के घर पर रहता था। जतिन हर शाम मेन गंदे नाले के नजदीक उसकी जेठानी के बच्चों के साथ खेला करता था और सोमवार की शाम को भी चाय पीने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ खेलने गया था, लेकिन वापस नही लौटा। आखिरी बार पड़ोस के एक हेयर सेलून वाले दुकानदार ने उसे जाते हुए देखा था, उसके बाद उसका कुछ पता नहीं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाली
बच्चे की तलाश के लिए पता लगाने के लिए संदिग्ध परिस्थितियों में बच्चे के गुम होने के बाद परिजनों की चिंताएं लगातार बढ़ती जा रही है। बच्चे का सुराग लगाने के लिए परिजनों ने आस-पास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला है, लेकिन सीसीटीवी कैमरों में भी जतिन दिखाई नहीं दिया।