पेड़ से उल्टा लटकाया हुआ किसान।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के घरौंडा में गांव गढ़ी भरल के खेतों में एक किसान के साथ मारपीट कर उसे पेड़ पर उल्टा लटकाकर यातनाएं देने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसान को पेड़ से उतार कर उसे मूर्छित अवस्था में अस्पताल में दाखिल करवाया। बाद में उसे करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कालेज में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित इकबाल राणा के परिजनों ने बताया कि इकबाल माजरा निवासी नवाब के खेतों के काम करता है। शुक्रवार सुबह नवाब व उसका एक साथी बाइक पर इकबाल के घर आए और उसे अपने साथ खेत में ले गए। वहां दोनों ने इकबाल पर चोरी का आरोप लगा मारपीट की। आरोप है कि उन्होंने इकबाल को कई बार पानी में डाल कर यातनाएं दी। इसके बाद दोनों पांव बांध कर उल्टा पेड़ पर लटका दिया और कई घंटे तक मारपीट करते रहे।
काफी समय बाद इकबाल के परिजन उसे ढूंढने नवाब के खेत में पहुंचे तो इकबाल पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसान इकबाल को मूर्छित अवस्था में अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां से उसे करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।
गढ़ी भरल के खेतों में एक किसान को कुछ व्यक्तियों द्वारा पेड़ से उल्टा लटकाकर मारपीट करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर जाकर युवक को पेड़ से उतार कर इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवा कार्रवाई शुरू कर दी है। -मोहन लाल, थाना प्रभारी घरौंडा