अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। मेरठ रोड रामपुर कटाबाग स्थित एक दुकान में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ी ने मौके पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान मालिक ने किसी के जानबूझकर आग लगाए जाने की आशंका जाहिर की है।
दुकान मालिक सुखपाल व उसकी पत्नी सरोज ने बताया कि उनकी दुकान में कॉस्मेटिक, जूस, कपड़े, फोटोस्टेट लेमिनेशन आदि का सामान रखा हुआ था। रात को दुकान बंद की थी और कमरे में अपनी बेटी काजल और पति सुखपाल के साथ लेटी हुई थी। इसके कुछ देर पश्चात अचानक दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया। जब घर से बाहर निकलने लगे, तो गेट भी बाहर से बंद था। धुएं से उनका दम घुटने लगा और उन्होंने पड़ोसियों को आवाज लगाई। पड़ोस के लोगों ने आकर बाहर से गेट को खोला। तब जाकर वह घर से बाहर निकल पाए, लेकिन तब तक दुकान में आग बुरी तरह से भड़क चुकी थी। उन्होंने इसकी सूचना दमकल विभाग व पुलिस को दी। करीब 15 मिनट में दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू, लेकिन जब तक सब कुछ सामान जलकर राख हो चुका था। सरोज ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी दुकानदार में जानबूझकर आग लगाई गई है।