अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। सेक्टर-13 एक्सटेंशन में दो दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हुई नौकरानी की मौत पर दूसरी नौकरानियों ने जमकर हंगामा किया और एक दिन की हड़ताल पर चली गईं। सभी नौकरानियों ने मकान मालकिन पर चाय में जहर देकर मारने का आरोप लगाया है।
हंगामा करती हुईं सभी नौकरानियों और उनके पति सिविल लाइन थाना में पहुंचे और थाना प्रभारी का शिकायत दी। थाना प्रभारी राजबीर यादव ने उन्हें आश्वासन दिया और नौकरानी के शव का संस्कार कराया। इससे पहले, मालकिन पर केस दर्ज कराने को महिलाओं ने जमकर बवाल काटा।
बता दें दो दिन से महिला का शव कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में ही रखा हुआ था। बिहार निवासी महिला के पति महाबीर ने बताया कि 7 जून पर उसकी पत्नी 35 वर्षीय मंजू 9 बजे घर से निकली थी। वह कई घरों में झाडू़-पोछे का काम करती हैं। सेक्टर-13 में किराए पर रही एक महिला के घर जब उसकी पत्नी काम करने के लिए गई तो वहां उसकी मौत हो गई। महाबीर ने आरोप लगाते हुए कहा कि उस मकान मालकिन और एक और नौकरानी के साथ मिलकर उसकी पत्नी की चाय में जहर मिलाकर दे दिया। क्योंकि उसकी पत्नी पिछले पांच साल से उसकी पत्नी उस मकान मालकिन के पास ही रुपये जमा करा रही थी, ताकि वह बाद में उससे इकट्ठे ले ले। जब उसकी पत्नी उस मकान मालकिन से अपने करीब दो लाख रुपये मांगने लगीं तो मालकिन और दूसरी नौकरानी ने मिलकर उसकी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की।
घर बनाने के लिए जमा कर रही थी रुपए
मृतक महिला के पति महाबीर ने बताया कि उन्होंने बिहार में जमीन खरीदी हुई है। वह रिक्शा चलाकर घर का खर्चा चला रहा था। उसकी पत्नी घर बनाने के लिए इधर-उधर कोठी पर झाडू़ पोछा करके उस महिला के पास रुपये जमा कर रही थी, लेकिन जब वह रुपये लेने के लिए गई तो रुपये देने की बजाये उसे जहर दे दिया गया।
नौकरानी को आया था चक्कर : मालकिन
सेक्टर-13 एक्सटेंशन में किराए पर रहने वाली महिला कौशल्या ने बताया कि मंजू उसके घर झाडू़ पोछा करती थी। 7 जून को वह अचानक चक्कर आकर गिर पड़ी। इसकी सूचना उसके पति को दी गई। उसका पति उसे अस्पताल ले गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतका परिजनों ने शनिवार को घर में घुसकर तोड़फोड़ की। परिजनों ने जो जहर देने का आरोप लगाया है वह बिल्कुल झूठा है।
एक दिन रही हड़ताल पर घरों में नहीं किया झाडू़ पोछा
नौकरानी गीता, फूलकुमारी आदि ने बताया कि जब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिलता तब तक वे घरों में काम नहीं करेंगी। उनके इस फैसले पर सेक्टर-13 के हर घर में चर्चा रही। क्योंकि ये महिलाएं सुबह तो काम करके चली गई थी, लेकिन शाम को कौन काम करने आएगा। इस टेंशन में सेक्टर-13 की महिलाएं पूरा दिन विचार करती रही।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगामी कार्रवाई : इंस्पेक्टर
थाना प्रभारी राजबीर सिंह यादव ने बताया कि महिला मंजू का पोस्टमार्टम बोर्ड द्वारा कराया गया था। जांच के लिए विसरा भेजा हुआ है। परिजनों ने जो शिकायत दी है उस पर जांच शुरू कर दी गई है और महिला का संस्कार भी करा दिया है। हर पहलू से जांच की जा रही है, अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।