अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। नगर निगम चुनाव की ड्यूटी में पुलिस कर्मचारियों के व्यस्त होने फायदा बदमाशों ने उठाया। जीटी रोड पर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने बेखौफ हाथ में रिवाल्वर लेकर मारपीट कर लूटपाट की चार वारदात को अंजाम दिया। एक के बाद एक कार व बाइक सवारों को डराकर रुकवाया और मारपीट कर पैसे और गहने लूट लिए। हालांकि, पुलिस ने तीनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है लेकिन आरोपियों को कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
पहली वारदात रात 8.30 बजे : रिवाल्वर तान की मारपीट, उतरवाए सोने के गहने
सफेद बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने रात 8.30 बजे से वारदात को अंजाम देना शुरू किया। अंबाला के सीमण माजरा निवासी दलेर सिंह अपने बेटे भूपेंद्र सिंह, पुत्र वधू गुरप्रीत कौर और पत्नी हरभजन कौर के साथ गांव सांभी में अपने रिश्तेदार के घर गया था। रात को वह अपने गांव कार में सवार होकर जा रहा था। रात 8.30 बजे जैसे ही वे कमालपुर गांव के समीप पहुंचे तो सफेद रंग की बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी गाड़ी के सामने अपनी बाइक अड़ा दी और रिवाल्वर उन पर तान दी। इस दौरान उन्होंने उसके बेटे भूपेंद्र के सिर में रिवाल्वर का बट भी मारा और उस घायल कर दिया। इसके बाद उन्होंने उसके बेटे के हाथ से सोने का कड़ा पांच तोला, एक अंगूठी, एक सोने की चेन और लॉकेट, पर्स से 20 हजार रुपये, पुत्र वधू के कानों से बालियां व पत्नी के मुंह पर चोट मारकर और गहने लेकर फरार हो गए।
दूसरी वारदात रात 8.35 बजे - बाइक सवार से छीना पर्स
कलामपुर निवासी कृष्ण ने बताया कि सफेद रंग की बाइक पर तीन बदमाश आए और उन्होंने पहले तो रिवाल्वर उस पर तान दी। इसके बाद उसके साथ मारपीट की और उसका पर्स, एक मोबाइल छीन लिया। उसके पर्स में 1500 रुपये ही थे।
तीसरी वारदात 8.45 बजे हुई - हेयर ड्रेसर के सिर में मारा रिवाल्वर का बट, छीना पर्स
कलामपुर के बाद तीनों बदमाशों ने गांव टिकरी खालसा निवासी हेयर ड्रेसर सिरसा राम को अपना शिकार बनाया। सिरसा राम ने बताया कि नीलोखेड़ी में उसकी हेयर ड्रेसर की दुकान है रात को वह 8.35 पर अपनी दुकान से गांव के लिए निकला था तो अंजनथली भट्ठा के समीप वह 8.45 के करीब पहुंचा तो सफेद रंग की बाइक पर सवार तीनों बदमाशों ने उसकी बाइक के सामने अपनी बाइक अड़ा दी और रिवाल्वर निकालकर तान दी। इसके बाद उसके साथ मारपीट की और उसका पर्स जिसमें 2500 रुपये, एटीएम कार्ड आदि दस्तावेज थे उन्हें लेकर फरार हो गए।
चौथी वारदात रात 10.45 बजे- जीटी रोड लघुशंका के लिए रोकी गाड़ी तो तान दी रिवाल्वर
इसके बाद बदमाश जीटी रोड पर बुटाना के समीप पहुंच गए। कुरूक्षेत्र एनआईटी निवासी अजीत यादव अपने दोस्त शैलेश वत्स के साथ नीलाखेड़ी में एक शादी समारोह में जा रहे थे तो बुटाना फ्लाईओवर के समीप उन्होंने अपनी कार रोकी ताकि वे लघुशंका कर सके। जैसे ही उन्होंने कार रोकी तो पीछे से एसी सफेद बाइक पर सवार तीन बदमाश आए और उन्होंने उन दोनों पर रिवाल्वर तान दी। इसके बाद उन्होंने दोनों दोस्तों के सिर में रिवाल्वर का बट मारा और घायल कर दिया। इसके बाद उन्होंने उसका पर्स ले लिया जिसमें 20 हजार रुपये थे, वहीं उसके दोस्त के पर्स से 7 हजार रुपये भी ले लिए और फरार हो गए।
बाइक सवार तीनों बदमाशों ने चारों वारदातों में पीड़ितों के मोबाइल भी छीन लिए थे, जिस कारण वे समय पर पुलिस को सूचना नहीं दे पाए। इस लिए आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।- बलजीत सिंह, थाना प्रभारी बुटाना, करनाल।