अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। होली के दिन गांव समोरा के समीप एक प्लाईवुड से भरा कैंटर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में सड़क किनारे पलट गया और कैंटर में आग लग गई। इससे कैंटर में सवार कैंटर चालक जिंदा जल गया, जबकि हेल्पर ने कैंटर से कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना पाकर पुलिस व दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और कैंटर चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पानीपत जिले के निंबरी गांव निवासी अमरनाथ कैंटर चालक के रूप में काम करता था। वह यमुनानगर से प्लाईवुड भरकर करनाल की तरफ आ रहा था। जैसे ही वह समोरा गांव के पास पहुंचे, तो सामने से आ रहे एक दूसरे वाहन को बचाने के चक्कर में अमरनाथ ने कट मारा। कट मारते ही कैंटर पलट गया और उसमें आग लग गई। कैंटर में आग लगते ही परिचालक ने कूदकर जान बचाई, लेकिन ड्राइवर अमरनाथ कूद नहीं सका और वह आग की चपेट में आ गया। अमरनाथ की मौके पर ही जलने से मौत हो गई। पुलिस व दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस बारे में थाना प्रभारी राकेश कुमार का कहना है कि चालक की जलने से मौत हो गई, जबकि परिचालक कूद कर जान बचाने में कामयाब रहा। शव को पोस्टमार्टम कराकर वारिसों के हवाले कर दिया। मामले की जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जा रही है।