अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। रेलवे रोड स्थित गुरु नानक खालसा कॉलेज के पास युवक की सिर में ईंट मारकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। हालांकि, मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। पुलिस ने एक चश्मदीद गवाह की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच अधिकारी मंजुर अली ने बताया कि उन्हें शुक्रवार रात को सूचना मिली थी कि रेलवे रोड स्थित खालसा कॉलेज के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस को इस मामले में एक चश्मदीद गवाह मिला है। रेलवे रोड निवासी प्रीतपाल ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह रात को खालसा कॉलेज के पास से गुजर रहा था। इस दौरान उसने देखा कि एक व्यक्ति इस व्यक्ति के पीछे ईंट लेकर दौड़ रहा था। पुलिस ने इस शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश के लिए सीसीटीवी खंगालने में जुटी है। जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।