अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। गांव नलीखुर्द के पास पोल्ट्री फार्म के एक कमरे में ठंड से बचने के लिए जलाई गई अंगीठी के कारण दम घुटने से मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि पिता और दो बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। इनको कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया है।
मूलरूप से नेपाल के गांव रुलबा से चार परिवार पिछले कई महीनों से गांव नलीखुर्द स्थित प्रदीप के पोल्ट्री फार्म में रहकर काम कर रहे हैं। इनमें राजू का परिवार भी शामिल है। तरूण कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात ठंड ज्यादा होने के कारण राजू ने पोल्ट्री फार्म के एक कमरे में अंगीठी जला ली और परिवार के सदस्यों के साथ सो गए। रात को कमरे के सभी दरवाजे बंद होने के कारण कमरे में जहरीली गैस बन गई। जैसे ही शनिवार सुबह अन्य कर्मचारियों ने राजू को उठाने गए तो देखा कि कमरे के अंदर धुआं था और पूरा परिवार के सदस्य बेसुध पड़े थे। आनन-फानन में सभी को बाहर निकाला गया और मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां डॉक्टरों ने राजू की पत्नी ललिता (26) बेटी कोमल (7) को मृत घोषित कर दिया। इसके साथ ही राजू, अर्जुन (6) बेटी काजल (5) का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि अभी ये बेसुध हैं, लेकिन हालत खतरे से बाहर है।