अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा (करनाल)। बसताड़ा रोड स्थित एक निजी स्कूल के 11वीं कक्षा के छात्र को दिन-दहाड़े कुछ बदमाशों ने मारपीट कर बंधक बनाने और अपहरण करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस को दी शिकायत में छात्र ने आरोप लगाया है कि कुछ बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन गाड़ी में डालकर बड़ौली पुल के पास बहती यमुना नदी में फेंक दिया और फरार हो गए। छात्र के मुताबिक घटना के बाद यमुना पर मौजूद मछुवारों ने उसे को पानी से बाहर निकाला और नजदीक पुलिस चौकी में सूचना दी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घरौंडा के एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र अंकुश पुत्र संजय कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के दथैड़ा का रहने वाला है। बीते अप्रैल माह से वह बसताड़ा गांव में अपनी बुआ सरोज देवी पत्नी ईश्वर सिंह के साथ रहता है। पीड़ित छात्र अंकुश ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है कि बीती 25 सितंबर की सुबह करीब साढ़े सात बजे वह अपने घर से स्कूल के लिए निकला था और स्कूल में जाने के बाद उसे पीटीएम की जानकारी मिली, तो वह वापस अपनी साइकिल पर घर के लिए रवाना हो गया। करीब साढ़े आठ बजे जब वह स्कूल के आगे ईंट फैक्टरी के पास पहुंचा तो सड़क पर दो कारें खड़ीं थीं। कार में सवार लोगों ने उसे रास्ते में ही रोक लिया और उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। उन बदमाशों ने मारपीट करते हुए उसे कार डाल लिया और कार यूपी की तरफ रवाना हो गई। अंकुश के मुताबिक, कार में ही उन लोगों ने उसके हाथ-पांव रस्सी से बांधें और उसे बड़ौली पुलिस के पास बहती यमुना में फेंक कर फरार हो गए। वहां मौजूद मछुवारों ने उसे पानी से बाहर निकाला।
मछुवारों ने उसके शरीर से पानी निकाला और नजदीक पुलिस चौकी में सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसके हाथ पांव खोले और चौकी में लाकर परिजनों को सूचित किया। अंकुश ने अपने परिजनों के साथ घरौंडा पुलिस थाने में पूरे मामले की लिखित शिकायत की। छात्र अंकुश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि सभी आरोपित उसी के गांव दथैंड़ा के रहने वाले हैं, जिनको वह पहचान सकता है और आरोपियों ने उसको जान से मारने की नियत से हाथ-पांव बांधकर यमुना में फेंका था। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्र शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।