अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा (करनाल)। धुंध वाहन चालकों की जीवन पर भारी पड़ गई। नेशनल हाईवे पर रेस्ट हाउस के पास एक के बाद एक दर्जन गाड़ियां टकरा गईं। हादसे में 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और गंभीर रूप से घायल लोगों को घरौंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया, जिनमें से अधिकतर घायलों को जिला मुख्यालय रेफर कर दिया। वहीं, हादसे के कारण आधे घंटे तक जाम की स्थिति रही।
वीरवार की सुबह रेस्ट हाउस के पास एक ट्रॉले ने अचानक ब्रेक लगा दिए। ट्रॉले के पीछे आ रही गाड़ियां एक के बाद एक आपस में भिड़ती चलीं गईं। हादसा होता देख हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आस-पास के लोगों ने मौके पर एकत्रित होकर गाड़ियों में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। राहगीरों की माने तो कई गाड़ियों में सवार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस के मुताबिक, हाईवे पर धुंध के कारण लगभग दर्जनभर से ज्यादा गाड़ियां आपस में टकराई हैं। इनमें लगभग 11 कारें व चार ट्रॉले बताये जा रहे हैं। दुर्घटना में घायल हुए लोगों को गंभीर अवस्था में घरौंडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें करनाल कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
ये हुए अस्पताल में दाखिल
अस्पताल से प्राप्त जानकारी के मुताबिक नेशनल हाईवे पर हुए इस हादसे में चंडीगढ़ निवासी मनोज पुत्र बृजेश्वर प्रसाद, तेजपाल पुत्र बलदेव सिंह, आगरा निवासी गुरूमेहर कौर पत्नी दिलजीत सिंह, राजपुरा निवासी राजवंत कौर पत्नी मनजीत सिंह, दिल्ली निवासी अमीर चंद पुत्र हकीम सिंह, चंडीगढ़ निवासी मोहिंद्र सिंह पुत्र सुरजीत सिंह व राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हुए। इनमें से अमीर चंद और मोहिंद्र सिंह को छोड़कर अन्य सभी को डॉक्टरों ने करनाल अस्पताल में रेफर कर दिया। इसके अलावा, कई लोगों ने निजी अस्पताल में इलाज कराया।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
हाईवे पर भिड़े वाहनों के कारण एनएच-44 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाइवे से हटवाया और रास्ता बहाल किया, जिसके बाद वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। इस बारे में थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि हाईवे पर क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से हटवाकर रास्ता बहाल करा दिया गया था।