अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। करनाल रेंज के आईजी नवदीप सिंह विर्क ने बुधवार को सेक्टर-7 आईजी कार्यालय में पदभार संभाल लिया है। उन्होंने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि पुलिस एक सर्विस की तरह प्रतीत हो न कि डंडे की तरह। इसी पर कार्य किया जाएगा और पुलिस सिस्टम को भी मजबूत किया जाएगा। बढ़ रहे साइबर क्राइम पर उन्होंने कहा कि पुलिस का साइबर सेल मजबूत कर क्वालीफाई पुलिस कर्मचारी व अधिकारियों को ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नए आइडिया के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने साइबर क्राइम को लेकर कहा कि लोगों को जागरूक होने की भी आवश्यकता है कि वे अपने बैंक अकाउंट आदि के पासवर्ड किसी के साथ शेयर न करें। जिस एरिया में बार-बार क्राइम हो रहा है तो वहां पर पुलिस को फोकस रखने की जरूरत है।
वहीं, करनाल में लगातार बढ़ रहे अपराध को लेकर आईजी ने कहा कि अपराध पर लगाम लगाने को रणनीति बनाई जाएगी और बदमाशों को सलाखों के पीछे डाला जाएगा। उन्होंने लोगों के अपील करते हुए कहा कि वारदात होने पर तुरंत कंट्रोल रूम में फोन करें। हरियाणा पुलिस को कंट्रोल रूम और ज्यादा मजबूत करता है। इसलिए पीड़ित व्यक्ति पहले अपनी सिस्टम से छोटे से बड़े अधिकारी से मिलने के बाद उनके पास शिकायत लेकर आए, तो उस पर तुरंत एक्शन लिया जाएगा। पहले पीड़ित व्यक्ति थाना में शिकायत दे फिर डीएसपी व एसपी को शिकायत दे। यदि फिर भी कार्रवाई न हो तो उनसे आकर मिले। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ट्रैफिक रूल का पालन सभी वाहन चालक को करना है। यदि पुलिस कर्मचारी ट्रैफिक रूल तोड़ते हैं तो उसका तुरंत चालान किया जाएगा।