अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा (करनाल)। कैमला गांव में चाकुओं से हुए हमले में बुरी तरह से जख्मी युवक ने करनाल कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर तीन आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वारदात के बाद से ही तीनों आरोपित फरार हैं। हत्या का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस गंभीर है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश शुरू कर दी है और आरोपित जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। सोमवार की देर रात गली के चौक पर गांव के तीन युवक नशे की हालत में अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे।
विनोद कुमार (27) ट्रक चलाता था। उसके परिजन सुरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीनों युवक नशे की हालत में पहले भी चौक पर खड़े होकर अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते थे। उनको ट्रक चालक विनोद ने पहले भी ऐसा करने से मना किया था और इसी वजह से आरोपित विनोद से रंजिश रखते थे। सुरेंद्र ने शिकायत में बताया कि विनोद किसी काम से उसके चाचा रमेश के घर आया था। सुरेंद्र ने बताया कि वह भी अपने चाचा के घर पर पहले से ही मौजूद था। लगभग साढ़े आठ बजे जब विनोद कुमार चौक के पास से गुजरा तो उसे देख चौक पर पहले से ही खड़े तीनों युवकों ने अभद्र व अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। शिकायत के मुताबिक, विनोद ने तीनों को ऐसा न करने के लिए मना किया तो तीनों उसके ऊपर टूट पड़े और उसको चाकुओं से गोद दिया। सुरेंद्र ने शिकायत में बताया है कि जब उसने बीच-बचाव किया तो युवकों ने उसके ऊपर भी चाकुओं से वार कर दिया। विनोद कुमार को छाती, पेट व कमर में 7 से 8 चाकू लगे। इसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया और जमीन पर गिर पड़ा। इतना ही नहीं एक बदमाश ने विनोद की दाहिनी गाल को जोर से काट डाला। सुरेंद्र ने बताया कि जब उसने शोर मचाया तो आस-पास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए, जिन्हें देख तीनों युवक चाकुओं सहित फरार हो गए।
मामले से जुड़े तीन आरोपितों विजेंद्र उर्फ काशी, अमित उर्फ मीतू व दीपक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। छानबीन जारी है। -बक्शा सिंह, जांच अधिकारी, थाना घरौंडा।