स्नेचिंग की वारदात से लोगों में खौफ, महिलाएं बोलीं-स्मार्ट सिटी में हम सेफ नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। सीएम सिटी में अब महिलाएं सुरक्षा की मांग करने लगी हैं। चेन स्नैचर दिनदहाड़े घर के बाहर ही महिलाओं से सोने की चेन झपटने लगे हैं। मंगलवार को भी स्कूटी सवार स्नैचर ने सेक्टर-8 में करीब साढ़े आठ बजे घर के बाहर एक महिला के गले पर झपटा मारा, गनीमत रही कि वह महिला के गले से सोने की चेन झपट नहीं पाया। डरती हुई वह महिला अपने घर आई और बोली की स्मार्ट सिटी में अब महिलाएं सेफ नहीं है। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
बता दें सोमवार को भी बाइक सवार स्नैचरों ने तीन महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटी थी। उस घटना को बीते करीब 15 ही घंटे हुए थे कि स्नैचर ने एक ओर वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। हालांकि, यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है। लेकिन पुलिस आरोपी का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का चेहरा व स्कूटी नंबर साफ नजर नहीं आ रहा है। लेकिन आरोपी के कपड़ों से लगता है कि वह अच्छे घर से है। सोमवार को हुई तीन स्नैचिंग की घटनाओं में भी पुलिस को कोई सुराग नहीं लगा है।
बच्चे को स्कूल बस में बैठाकर आ रही थी महिला
सेक्टर-8 निवासी डोली गांधी ने बताया कि मंगलवार सुबह वह अपने बेटे को स्कूल बस में बैठाकर घर वापस आ रही थी। घर के समीप ही उसके पीछे से स्कूटी सवार एक युवक आया और उसने उसके सामने ही स्कूटी को घुमाया और उसके गले पर सोने की चेन तोड़ने के लिए झपटा मारा। लेकिन वह चेन नहीं तोड़ पाया। इसके बाद वह स्नेचर फरार हो गया। डोली ने कहा कि करनाल सीएम सिटी के साथ स्मार्ट सिटी भी है, लेकिन यहां अब महिलाएं सेफ नहीं हैं। बता दें कि मान कॉलोनी में महिला राजबाला से सरसों का तेल खरीदने के बहाने झपटी सोने की चेन। शिव कॉलोनी में घर से बाहर बैठी महिला रेखा के गले से झपटी सोने की चेन। सेक्टर-7 में महिला सरोज गोयल जो पार्क में सैर कर घर वापस आ रही उससे भी झपटी सोने की चेन
सेक्टर-8 में स्कूटी सवार एक स्नैचर ने महिला के गले से सोने की चेन झपटने का प्रयास किया था। आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुका है, लेकिन वह साफ नजर नहीं आ रहा है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए वह खुद अपने क्षेत्र में गश्त कर रहें है और राइड व पीसीआर को भी सख्त निर्देश दिए हुए हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेंगे।
राजबीर यादव, सिविल लाइन थाना प्रभारी।