फतेहाबाद। फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर सुरेंद्र पूनियां के घर से चोरों ने 40 हजार रुपये की नकदी और सोने तथा चांदी के जेवरात उड़ा लिए। घटना के समय फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर शहर से बाहर गए हुए थे। वीरवार दोपहर को जब वह घर लौटे तो उन्हें चोरी की वारदात के बारे में जानकारी मिली। पूनियां के अनुसार अलमारी से 40 हजार रुपये की नकदी और सोने तथा चांदी के जेवरात गायब मिले। चांदी की दो मूर्तियां तथा सोने की अंगूठी अलमारी में रखी हुई थी। उन्होंने इसकी सूचना शहर पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में चौंकाने वाली बात ये सामने आई है कि बुधवार देर रात को तीन युवक व एक महिला घर के अंदर घुसने का प्रयास कर रहे हैं और संभवत: इन्हीं लोगों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है।
फूड इंस्पेक्टर सुरेंद्र पूनिया ने बताया कि 12 मई को मां की तबीयत खराब होने के कारण वह परिवार सहित उनसे मिलने के लिए गुरूग्राम गए थे। बृहस्पतिवार को जब घर पहुंचे तो अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। अलमारी से 40 हजार रुपये की नकदी और सोने तथा चांदी के जेवरात गायब मिले। चांदी की दो मूर्तियां तथा सोने की अंगूठी अलमारी में रखी हुई थी। पूनिया ने बताया कि चोरों ने दरवाजा का ताला तोडने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हुए। इसके बाद रसोई में खिड़की से कमरे में घुसे और फिर अलमारी का ताला तोडक़र चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूनिया का कहना है कि घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई। इसके अलावा आसपास के क्षेत्र की अन्य सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।