अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। जिले में बैटरी चोर गिरोह काफी सक्रिय है, जो मोबाइल टावरों और गाड़ियों से बैटरी चोर कर रहा है। हर दूसरे तीसरे दिन यह गिरोह बैटरी चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा है। बुधवार रात को भी बैटरी चोर गिरोह बलड़ी बाईपास स्थित चौधरी ट्रांसपोर्ट टाटा कंपनी के यार्ड में घुस गया और वहां खड़ी 9 नई गाड़ियों की 18 बैटरी चोरी कर फरार हो गया। इस गिरोह के सदस्य कार में सवार होकर आते हैं और उसी में चोरी की हुई बैटरी लेकर फरार होते हैं। हालांकि सीसीटीवी कैमरे में गिरोह के तीन से चार सदस्य कैद हो चुके हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले चार बार हो चुकी है चोरी
बुधवार रात को चोर इंडिगो कार में सवार होकर आए। पहले चोरों ने गाड़ियों के पास जाकर देखा और फिर एक के बाद एक गाड़ी से बैटरी चोर कर कार में रखते रहे और फिर वहां से फरार हो गए। चौधरी ट्रांसपोर्ट के मालिक अमित ने बताया कि इससे पहले भी चोर गाड़ियों से बैटरी चोरी कर ले गए हैं। करीब एक महीना पहले भी गाड़ियों से बैटरी चोरी हुई है। लेकिन अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लगा है। बुधवार को चोर करीब तीन लाख रुपए की बैटरी चोरी कर ले गए हैं।
चोरों को नहीं था डर
बैटरी चोरों के हौसले इतने बुलंद है कि उन्हें न तो पकड़े जाने का डर है और न ही पुलिस का डर है, क्योंकि बैटरी चोरी करने आए आरोपियों में किसी ने अपने चेहरे को नहीं ढका हुआ था। सभी आरोपी 20 से 25 वर्ष के नजर आ रहे हैं।
नई गाड़ियों से बैटरी चोरी करने के मामले की शिकायत मिली है। मौके पर जाकर जंच भी की गई है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले ली है।
-बलजीत, सदर थाना प्रभारी।