अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। गांव भैणी कलां स्थित कॉर्पोरेशन बैंक में मंगलवार की रात को पीछे की दीवार तोड़कर घुस गए। बदमाशों ने स्ट्रांग रूम में लगे दो लोहे के गेट भी काटे और लॉकर को भी काटने का प्रयास किया, लेकिन वह उसे काट नहीं पाए और फरार हो गए।
सुबह होते ही जब ग्रामीणों ने बैंक की दीवार में दो बाय दो का होल देखा तो वह हैरान हो गए और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना बैंक अधिकारियों व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डीएसपी बलजिंद्र तरावड़ी थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचा और मामले की जांच की। इसके बाद पुलिस ने एफएसएल की टीम भी मौके पर बुलाई। जिसने साक्ष्य जुटाए। लेकिन आरोपियों को कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस ने बैंक अधिकारी की शिकायत पर चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
बता दें यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी पांच अक्तूबर की रात को आईटीआई चौक स्थित कैनरा बैंक में भी चोरी की इरादे से बदमाश घुसे थे, वहां भी वह लॉकर को खोलने में असमर्थ रहे। लेकिन इस घटना को पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। यही कारण है कि बदमाशों ने बैंक में चोरी करने की दूसरी वारदात को अंजाम दे दिया। बैंक अधिकारी ने बताया कि बैंक के भीतर स्ट्रांग रूम के दो लोहे के दरवाजे काटे गए है। बदमाशों ने स्ट्रांग रूम के भीतर रखी लोहे की अलमारी काटने का प्रयास किया, लेकिन वह उसे काट नहीं पाए।
सुबह होते ही भागे हैं बदमाश
इस वारदात को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने दीवार तोड़ने व लोहे के गेट काटने में काफी समय लगा दिया होगा। जब वह लॉकर तक पहुंचे तो उस समय सुबह हो गई होगी। जिस कारण लोगों की आहट सुनकर बदमाश बिना चोरी किए भाग गए।