माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जीटी रोड पर रविवार सुबह दिल्ली से चंडीगढ़ की ओर जा रही एक क्रेटा कार सड़क किनारे खड़ी बोलेरो से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रेटा कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त पीछे से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस भी बाल-बाल बची।
बस चालक कंवरपाल ने बताया कि जैसे ही क्रेटा कार सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टकराई, उसने तुरंत स्टीयरिंग डिवाइडर की ओर घुमा दी। इससे बस कुछ पेड़ों को तोड़ती हुई दूसरी सड़क पर निकल गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे, गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। सभी यात्रियों को दूसरी बस से चंडीगढ़ रवाना किया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां एक अवैध कट बना है। इसी कट के कारण सड़क किनारे पिकअप खड़ी थी, जिससे यह दुर्घटना हुई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस अवैध कट को बंद करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।
जांच अधिकारी अनिल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह सड़क किनारे खड़े वाहन और अचानक दिशा परिवर्तन को माना जा रहा है।