फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दोस्त के जन्म दिन पर हुई कहासूनी, चाकू से गोदकर ममेरे भाई की हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
करनाल। गांव जाणी में दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में हुए झगड़े के बाद युवक ने रात को घर से बाहर बुलाकर ममेरे भाई की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। वारदात के समय मृतक की मां मौके पर ही थी और वह आरोपी को झगडे़ को लेकर उसे समझा रही थी तभी उसने कुलदीप पर चाकू से वार कर दिए। घटना के बाद आरोपी रविंद्र अपनी बाइक छोड़कर भाग गया। इसके बाद सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने वीरवार सुबह मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। सदर थाना पुलिस ने आरोपी रविंद्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। कुलदीप आरोपी रविंद्र का रिश्ते में ममेरा भाई लगता था। चाकू से एक वार हाथ और दूसरा पेट पर किया गया।
विज्ञापन

आटा चक्की पर काम करता था कुलदीप
मृतक के पिता सतपाल ने बताया कि उसका 20 वर्षीय बेटा कुलदीप गांव में ही आटा चक्की पर काम करता था। आरोपी रविंद्र भी अक्सर उसके साथ ही रहता था। दोनों ने करनाल में भी साथ काम किया है। बुधवार दोपहर को गांव के ही एक युवक सावन का जन्मदिन था। गांव के ही खेत में मना रहे उसके जन्मदिन की पार्टी में कुलदीप और रविंद्र भी गए थे। रविंद्र की मां इसी गांव की है और उनके घर से कुछ दूरी पर काफी समय से रह रही है। मृतक के पिता ने बताया कि किसी बात को लेकर कुलदीप और रविंद्र की पार्टी के दौरान झगड़ा हो गया था फिर कुलदीप घर आ गया। रात के समय रविंद्र बाइक पर सवार होकर चाकू लेकर हमारे घर पहुंच गया और बाहर से आवाज लगाई। कुलदीप की मां घर से बाहर आई और उसने गुस्से का कारण पूछा तो रविंद्र ने बताया कि कुलदीप ने उसे गाली दी थी। कुलदीप की मां ने रविंद्र को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान कुलदीप घर से बाहर आ गया तो रविंद्र ने उस पर चाकू से दो वार कर दिए। एक हाथ पर और दूसरा पेट में लगा। इसके बाद रविंद्र बाइक वहीं छोड़कर भाग गया। वह कुलदीप को जुुंडला अस्पताल लेकर आए तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मातम
इस वारदात के बाद गांव में दहशत और मातम पसरा रहा। कुलदीप का एक बड़ा भाई भी है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां ने बताया कि उसने आरोपी को बहुत समझाने का प्रयास किया लेकिन उसने उसकी नहीं सुनी और उसके बेटे को चाकू मार दिया।
विज्ञापन

जुंडला में कुलदीप की हत्या करने के मामले में आरोपी रविंद्र के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया गया है। जो छापामारी कर रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
विज्ञापन

विजय देसवाल, डीएसपी करनाल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें