करनाल। गांव दरड़ स्थित काले तेल को रिफाइन करने वाली एक फैक्टरी में रविवार देर रात करीब 12 बजे आग लग गई। इसकी भयावहता को देखते हुए मौके पर पूरे जिले की अग्निशमन गाड़ियों को बुलाया गया। करीब 10 गाड़ियों ने मशक्कत के बाद सुबह करीब 5 बजे तक आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी फैक्टरी जल चुकी थी। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
बता दें गांव दरड़ में यूनिवर्सल केमिकल हाइड्रो के नाम से फैक्टरी है, जो लुब्रिकेंट्स बनाती है। फैक्टरी में काम करने वाले मजदूर इमरान ने बताया कि रात को फैक्टरी में सात मजूदर काम कर रहे थे। इस दौरान तेल का टैंक लीक हो गया, जिससे आग लग गई। उन्होंने काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग भड़कती चली गई। इसके बाद उन्होंने फैक्टरी के मालिक को और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद अग्निशमन की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फैक्टरी के मालिक सौरभ गुप्ता के अनुसार नुकसान काफी है, जिसका अभी सही आकलन करना मुश्किल है।
आसपास के ग्रामीणों में भी बना रहा डर
फैक्टरी में आग के बाद जब ग्रामीणों को पता चला तो वह फैक्टरी के बाहर एकत्रित हो गए। लोगों को डर था कि कहीं आग के कारण फैक्टरी में ब्लास्ट न हो जाए और इसकी आंच गांव तक न पहुंच जाए। इस कारण ग्रामीणों में डर बना रहा। सुबह आग पर काबू पाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
गांव दरड़ में एक फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर जांच की गई और अग्निशमन की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। फैक्टरी में काले तेल को रिफाइन किया जाता था।
- बलजीत सिंह, सदर थाना प्रभारी