करनाल। असंध के ओम अस्पताल के डॉक्टर राजेश और मीनाक्षी अस्पताल के डॉक्टर संदीप से फोन कर 20-20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। धरे गये दो आरोपी गुजरात के और एक उत्तर प्रदेश का निवासी है। इनके पास से 42 लाख रुपये भी बरामद किये गये हैं। जबकि मुख्य आरोपी असंध का ही रहने वाला है और फिलहाल अमेरिका में है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए रेड कार्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सीआईए टू के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंधू ने बताया कि डॉक्टरों से रंगदारी मांगने के मामले की जांच एसपी गंगाराम पूनिया द्वारा सीआईए टू को सौंपी गई थी। मामले में पीड़ित डॉक्टर राजेश की आरोपी से दोबारा बात कराई गई थी, जिस पर आरोपी ने डॉक्टर को 15 लाख रुपये लेकर दिल्ली के एक ठिकाने पर बुलाया। पुलिस के प्लान के अनुसार जैसे ही डॉक्टर ने आरोपियों को रंगदारी के 15 लाख रुपये दिए तो पुलिस ने दो आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया। इन आरोपियों का नाम जयदेव कुमार निवासी बासपा थाना सैमी जिला पटन (गुजरात) और महेंद्र पटेल निवासी गांव कंथर्नी थाना उनावा जिला महेशआना (गुजरात) है। आरोपियों के कब्जे से डाक्टर राजेश द्वारा दिए गए 15 लाख रुपये भी बरामद किए गए। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 27 लाख रुपये अलग से और एक नोट गिनने की मशीन भी बरामद की गई। दोनों आरोपियों को 6 जुलाई को कोर्ट में पेश किया गया। इनमें से आरोपी जयदेव को जेल भेज दिया गया और आरोपी पटेल महेंद्र को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में आरोपी नवनीत सक्सेना निवासी बिलासपुर जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) का नाम सामने आया, जिसे आठ जुलाई को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया गया। नौ जुलाई को उसे भी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था, जिसने मुख्य आरोपी दिलेर सिंह निवासी असंध के नाम का खुलासा किया जो फिलहाल अमेरिका में है और वहीं से आरोपी ऑडियो, व्हाट्सअप व वीडियो कॉल कर रंगदारी मांग रहा था।
10 प्रतिशत के कमीशन पर लेते थे रंगदारी की रकम
दिल्ली से पकड़े गए दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 10 प्रतिशत कमीशन पर रंगदारी की रकम ली थी और यह रकम नवनीत के पास गुजरात में पहुंचानी थी। वहीं नवनीत ने बताया कि फिरौती की यह रकम दिलेर के पास पहुंचाई जानी थी।
मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले
आरोपी जिन नंबरों से कॉल करता है वह सभी नंबर बीएसएनएल के हैं। आरोपी दिलेर जो असंध का है उसने एक एप व फर्जी नंबर लिए हुए हैं जिनसे वह कॉल कर रंगदारी मांगता है। आरोपी दो साल पहले अमेरिका गया था। उसके खिलाफ पहले भी अवैध हथियार रखने और लड़ाई झगड़े के मामले दर्ज हैं।
इन डॉक्टरों ने दर्ज कराई थी एफआईआर
5 जुलाई को असंध थाना में असंध के ओम अस्पताल के डॉक्टर राजेश ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसके पास जून महीने में 20 लाख रुपये मांगने की एक कॉल आई थी, लेकिन उसने रुपये नहीं दिए तो 5 जुलाई को दोबारा कई बार अलग-अलग नंबरों से 20 लाख रुपये की रंगदारी की कॉल आई। साथ ही जान से मारने की धमकी दी गई।
26 जून को असंध के मीनाक्षी अस्पताल के डॉक्टर संदीप ने असंध थाना में पुलिस को शिकायत दी कि 26 जून को उसके पास एक मोबाइल नंबर से फोन आया, जिसमें आरोपी ने 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। साथ ही रंगदारी के रुपये न देने पर गोली मारने और अस्पताल बंद कराने की भी धमकी दी।