संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। परिवार का ई-केवाईसी कराने से बीपीएल व एएवाई श्रेणी के राशन कार्ड धारक पीछे हट रहे हैं। लोगों में यह यह भ्रम घर कर गया है कि यदि ई-केवाईसी कराया तो उनका राशन कार्ड कट जाएगा। इससे उन्हें डिपो से राशन मिलना बंद हो जाएगा। यही वजह है कि जिले में अभी तक 56 प्रतिशत कार्ड धारकों ने ही अपना ई-केवाईसी कराया है।
जिले में 2,40,576 कार्ड धारक हैं जिन्हें हर माह डिपो से गेहूं, चीनी व सरसों का तेल दिया जाता है। जिले में 587 डिपो धारक हैं। काफी लोगों पर गलत तरीके से अपने बीपीएल राशन कार्ड बनवाने के आरोप हैं। पिछले कुछ माह में काफी लोगों के गलत बने बीपीएल कार्ड काटे भी गए हैं।
वहीं कुछ लोगों ने खुद ही अपना कार्ड कटवा लिया है, क्योंकि सरकार ने ऐसा करने के लिए उन्हें एक मौका दिया था। सरकार ने चेतावनी दी थी कि यदि किसी ने गलत कार्ड बनवाया है तो वह खुद ही सरेंडर कर दे नहीं तो उनसे लिए गए राशन की रिकवरी की जाएगी। इसके बाद सरकार ने ई-केवाईसी सिस्टम को शुरू किया है।
इसके तहत लोगों को डिपो पर जाकर पीओएस मशीन में अपने फिंगर प्रिंट स्कैन करवा कर केवाईसी करवाना था। परंतु अब लोग केवाईसी कराने के लिए बिल्कुल भी आगे नहीं आ रहे हैं। लोग आपस में चर्चा कर रहे हैं कि केवाईसी कराने से राशन कार्ड कट जाएगा।
मोबाइल से खुद कर सकते ई-केवाईसी
बीपीएल व एएवाई राशन कार्ड धारक अपने मोबाइल से खुद भी ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके लिए लोगों को अपने मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर से ईकेवाईसी मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करनी होगी। ओपन होने के बाद ई-केवाईसी पर क्लिक करें। कार्ड धारक को इस एप में हरियाणा राज्य का चुनाव करके राशन कार्ड में दर्ज आधार कार्ड नंबर दर्ज करना होगा। कार्ड धारक को ओटीपी प्राप्त करने के लिए अपने सदस्य के आधार कार्ड में दर्ज मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजना होगा, जिसके बाद प्राप्त ओटीपी डाल कर व कैप्चा कोड फॉलो करते हुए सबमिट बटन पर क्लिक करें। जिससे कार्ड धारक की डिटेल स्क्रीन पर दिखाई देगी। उसके बाद कार्ड धारक को अपने चेहरे पर फोकस करते हुए अपनी आंख को झपकना होगा। सफलतापूर्वक डाटा कैप्चर होने पर ईकेवाईसी प्रक्रिया पूर्ण हो जाएगी तथा डाटा अग्रिम कार्यवाही के लिए भेज दिया जाएगा।
सभी कार्ड धारकों को अपना ई-केवाईसी कराना बहुत जरूरी है। यह सही है कि लोगों में भ्रम फैलाया जा रहा है कि ई-केवाईसी कराने पर राशन कार्ड कट जाएगा। ऐसा नहीं है। ई-केवाईसी नहीं कराने वालों को सरकार की सुविधाओं से वंचित रहना पड़ सकता है। ई-केवाईसी डिपो पर जाकर या फिर अपने मोबाइल से खुद कर सकते हैं। - अवतार सिंह, एएफएसओ, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग यमुनानगर।