इंद्री रोड स्थित नए बस स्टैंड के सामने निजी पैलेस के बाहर कार की टक्कर से संगोही गांव निवासी हलवाई विनोद कुमार (52) की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया। सदर थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की प्राथमिकी दर्ज की है।
मृतक के रिश्तेदार धर्मपाल ने बताया कि विनोद उनके जीजा थे और शनिवार को गांव के ही एक शादी समारोह में शिरकत करने के लिए करनाल के इंद्री रोड पर बस स्टैंड के सामने स्थित बैंक्वेट हाल में आए हुए थे। शाम को 4 बजे के करीब खाना खाने के बाद वह घर जाने के लिए बैंक्वेट हाल से बाहर निकले तो करनाल की तरफ से आई तेज रफ्तार कार की टक्कर लग गई। गंभीर रूप से घायल विनोद को आसपास के लोगों ने अस्पताल में दाखिल करवाया। वहां इलाज के दौरान रात को उन्होंने दम तोड़ दिया।
सदर थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि पुलिस ने कार चालक के खिलाफ तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।