करनाल। वार्ड-7 के अंतर्गत आने वाली शहर की पुरानी सब्जी मंडी परिसर में 31.18 लाख रुपये की लागत से कंक्रीट से सड़कें बनाई जाएंगी। करीब दस साल पहले पुरानी सब्जी मंडी में टाइलों से सड़कें बनाई गई थीं। समय के साथ-साथ भारी वाहनों, रेहड़ियों और लगातार लोडिंग-अनलोडिंग के कारण ये टाइलें टूट चुकी हैं।
कई जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बरसात के दिनों में पानी भर जाता है। इससे पूरे मंडी परिसर में कीचड़ फैल जाता है और पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। बताया जा रहा है कि पुरानी सब्जी मंडी में रोजाना करीब दस हजार लोग आवागमन करते हैं। इनमें किसान, आढ़ती, व्यापारी, मजदूर और आम ग्राहक शामिल हैं। खराब सड़कों की वजह से कई बार लोग गिर भी जाते हैं। वाहनों चालकों को काफी दिक्कत होती है। नगर निगम के एक्सईएन प्रदीप कल्याण ने बताया कि निगम की ओर से कंक्रीट की सड़कों के निर्माण का काम जल्द शुरू करने की तैयारी है।