संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। ठंड बढ़ने के साथ ही महिलाओं को स्वास्थ्य समस्याएं से जूझना पड़ रहा है। सुबह-शाम ठंडे पानी में काम करना, घरों में लंबे समय तक बंद रहना और धूप कम मिलने से रक्त संचार धीमा पड़ रहा है। इसका सीधा असर सिरदर्द, साइनस और माइग्रेन के मामलों में बढ़ोतरी के रूप में सामने आ रहा है।
जिला नागरिक अस्पताल से मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. सौभाग्य कौशिक ने बताया कि कुछ दिनों में माइग्रेन और लगातार सिरदर्द की शिकायत लेकर आने वाली महिलाओं की संख्या बढ़ी है। उन्होंने बताया कि ठंडे मौसम में शरीर की रक्त वाहिकाएं सिकुड़ने से दिमाग में रक्त प्रवाह प्रभावित होता है और माइग्रेन के पुराने मरीजों में दर्द की तीव्रता दोगुनी हो जाती है। उनका कहना है कि धूप कम लगने से विटामिन-डी की कमी और थकान बढ़ जाती है, जिससे शरीर कमजोर महसूस होने लगता है।
वहीं दूसरी ओर ठंडे पानी में बार-बार काम करने से हाथ-पैर सुन्न होना, जोड़ों का दर्द और सिर में भारीपन जैसी दिक्कतें भी महिलाओं में मिल रही है। घर में लंबे समय तक बंद रहने से ताजी हवा न मिल पाने का असर भी साइनस के मरीजों में देखा जा रहा है। डॉ. सौभाग्य कौशिक ने बताया कि रोजाना ओपीडी में 120 मरीज आते हैं जिनमें से 25 से 30 माइग्रेन और सिर दर्द के मरीज आ रहे हैं इनमें 20 के करीब महिलाएं शामिल होती हैं।
- ये उपाय करें-
सुबह धूप निकलते ही कुछ समय धूप में रहें।
हल्का व्यायाम करें और बार-बार ठंडे पानी से काम करने से बचें।
घर में वेंटिलेशन अच्छा रखें और दिनचर्या में गर्म पेय पदार्थ लें।
माइग्रेन या साइनस के मरीज समय पर दवाएं लें।
तापमान में तेज बदलाव से खुद को बचाए रखें।