मुख्यमंत्री मनोहर लाल चार अगस्त को परिवार पहचान पत्र बांटने की शुरूआत करेंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन पंचकूला में होगा, शेष सभी जिलों में कोविड-19 को ध्यान में रखकर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करते हुए 20 लोगों को परिवार पहचान पत्र वितरित किए जाएंगे। यह जानकारी नागरिक संसाधन एवं सूचना विभाग के प्रधान सचिव वी. उमाशंकर ने शुक्रवार को चंडीगढ़ मुख्यालय से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से जिला अधिकारियों की बैठक के दौरान दी।
प्रधान सचिव ने कहा कि परिवार पहचान पत्र के आधार पर हरियाणा का प्रत्येक परिवार राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ ले सकेगा। प्रदेश सरकार द्वारा अभी तक दो विभागों की योजनाओं को परिवार पहचान पत्र के साथ जोड़ा जा चुका है, शेष सभी विभागों की योजनाओं को परिवार पहचान पत्र के साथ लिंक किया जाएगा।
15 दिन में स्ट्रीट वेंडर्स, जमाबंदी ऑनलाइन करने के निर्देश
प्रधान सचिव ने कोरोना वायरस महामारी के दौरान केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भरता योजना को प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि अगले 15 दिनों के अंदर जिले से संबंधित स्ट्रीट वेंडर्स का पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें ताकि स्ट्रीट वेंडर्स सरकार की योजना का लाभ लेते हुए बैंकों से 10 हजार रुपये तक का ऋण प्राप्त कर सकें। इसके लिए सभी बैंकों के लक्ष्य निर्धारित कर दिए गए हैं। उन्होंने धान की पैदावार वाले जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जल्द ही शिविर लगाकर मेरा फसल-मेरा ब्यौरा योजना के तहत अधिक से अधिक किसानों का रजिस्ट्रेशन करवाना सुनिश्चित करें।