विधानसभा चुनावों के नजदीक आते ही सीएम ने कार्यकर्ताओं के घर मीटिंगें शुरू कर दी हैं। पहली बार आठ घंटे कार्यकर्ताओं के घरों पर जाकर उनकी नब्ज टटोली जाएगी। रूठों को मनाने और नयों को रिझाने का काम होगा, साथ ही पुराने कार्यकर्ताओं की पीठ थपथपाई जाएगी। शनिवार को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक का शेड्यूल तैयार किया गया है। इसी बीच लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से करीब 27.18 करोड़ की लागत से बने विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें 11.88 करोड़ रुपये की लागत से बने दो विकास कार्यों का उद्घाटन और करीब 15.30 करोड़ रुपये से बनने वाले तीन विकास कार्यों की आधारशिला शामिल हैै। डीसी विनय प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल तीन अगस्त को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा करीब 8.31 करोड़ रुपये राशि से घरौंडा शहर में बनाए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन किया जाएगा।
3601 विद्यार्थियों के लिए 53 स्मार्ट कक्षाएं
नगर निगम करनाल की परिधि में आने वाले राजकीय विद्यालयों में करीब 3.57 करोड़ रुपये की राशि से आधुनिक शिक्षा प्रणाली पर आधारित स्मार्ट क्लास सेंटर का उद्घाटन करेंगे। इनमें राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल ब्वाइज, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मॉडल टाउन, राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल रेलवे रोड, राजकीय प्राइमरी स्कूल अर्बन इस्टेट, राजकीय कन्य हाई स्कूल अर्बन इस्टेट, राजकीय मिडिल स्कूल सेक्टर-6, राजकीय प्राइमरी स्कूल सेक्टर-6, राजकीय प्राइमरी स्कूल मॉडल टाउन, राजकीय प्राइमरी स्कूल नंबर - 4 शमिल हैं। 53 स्मार्ट कक्षाओं में 3601 बच्चे को 142 शिक्षक पढ़ाएंगे।
रंबा और खुखनी में बनेगी पीएचसी
गांव रंबा में 4.31 करोड़ रुपये और गांव खुखनी में 4.23 करोड़ रुपये की लागत से पीएचसी का निर्माण किया जाएगा। दोनों का दो-दो एकड़ का एरिया होगा। इन्हें 15 महीने यानी नवंबर 2020 तक पूरा किया जाएगा। इनमें नर्सिंग स्टेशन, पुरुष वार्ड, महिला वार्ड, स्टेयिरलाइजेशन रूम, बेबी रूम, दो शौचालय, वेटिंग रूम, डेंटल रूम, डॉक्टर रूम, आयुष डॉक्टर रूम, आयुष पैरा मेडिकल स्टाफ रूम, एक्स-रे कक्ष, ऑपरेशन थियेटर, स्टोर, लेबोरेटरी, डिस्पेंसरी, रजिस्ट्रेशन रूम, प्रवेश हॉल, स्टेयर केस, रैंप व सेंट्रल कोर्ट यार्ड बनाये जाएंगे।
एक एकड़ की मैस पर खर्च होंगे 6.76 करोड़
6 करोड़, 76 लाख रुपये की लागत से सैनिक स्कूल कुंजपुरा में बनने वाले कैडेट मैस की आधार शिला रखेंगे। एक एकड़ में 1000 कैडेट की क्षमता का हाल, तीन शौचालय, दो वाशिंग पेंटी, भोजनालय क्षेत्र, ड्राई राशन स्टोर, सब्जी स्टोर, बर्तन स्टोर, कार्यालय व वॉश एरिया बनाया जाएगा। निर्माण 15 महीने में यानी नवंबर 2020 तक पूरा होगा।
12 जगहों पर चाय कार्यक्रम
सीएम मनोहर लाल सुबह नौ बजे गांव डबरी के अमरीक सिंह, 10 बजे गांधी नगर के सुधीर यादव, 10:40 बजे शिव कॉलोनी के पूर्व पार्षद बलबीर, 11:20 बजे हकीकत नगर के डॉ. दलीप पाल, 12 बजे डेहा बस्ती में अमित प्रधान के घर पहुंचेंगे। दोपहर 12:35 बजे सेक्टर-14 में धूप सिंह दहिया, 1:05 बजे सेक्टर-7 में ओमप्रकाश सैनी, 1:30 बजे दुर्गा कालोनी में यशपाल ठाकुर, 3 बजे कर्ण विहार के ऋषिपाल पांचाल, 3:35 बजे रामपुरा के महिंद्र सिंह, 4 बजे सेक्टर -7 के आनंद आर्य व 4:35 बजे एलआईसी कालोनी निवासी के गुरप्रीत भिंडर के निवास पर जाएंगे।