संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। रामनगर थाना क्षेत्र के पाल नगर में सीएम फ्लाइंग, सीआईडी और स्थानीय पुलिस ने मिलकर सिलिंडर की कालाबाजारी करने की सूचना पर दबिश दी। टीम ने दुकान से 40 छोटे-बड़े सिलिंडर बरामद किए गए। पुलिस ने सिलिंडर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। उधर, सीएम फ्लाइंग की टीम ने भी अपनी रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय को भेजी।
रामनगर थाना के जांच अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि उन्हें सीएम फ्लाइंग की तरफ से आज सूचना मिली थी कि काछवा रोड पर स्थित पाल नगर में एक दुकानदार अवैध रूप से सिलिंडरों की सप्लाई और भरने का कार्य कर रहा था। सूचना पर उक्त दुकान पर दबिश दी तो वहां पर इंडियन कंपनियों के खाली 3 और भरे हुए 37 गैस सिलेंडर बरामद हुए।
दुकान मालिक की पहचान पाल नगर निवासी महेन्द्र के रूप हुई है। पुलिस व अन्य टीमें आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी दुकानदार महेन्द्र की पाल नगर में बिजली के सामान की दुकान है और वह कैथल रोड पर स्थित दुष्यंत गैस एजेंसी में काम करता है। उसके पास कंपनी की ओर से गैस सिलिंडर रखने की कोई अनुमति नहीं है। टीम की दबिश के दौरान दुकानदार के पास से गैस सिलिंडर बरामद हुए। उसके पास से कई उपभोक्ताओं की गैस सिलिंडर की कॉपियां भी बरामद हुईं हैं।